नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार को हुई जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी राजेश खिमजी को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने राजेश खिमजी को आधी रात के समय कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजे जाने का आदेश दिया गया.
जनसुनवाई को दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमला: बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर बुधवार को अपने आवास पर ‘जनता सुनवाई’ आयोजित करती हैं, जहां वे सीधे लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करती हैं. बीते दिन जनसुनवाई कार्यक्रम में भी भारी भीड़ थी. मुख्यमंत्री एक-एक कर लोगों से मिल रही थीं, तभी सुबह साढ़े आठ बजे करीब एक व्यक्ति ने उनके पास आने का प्रयास किया. उसने कुछ पेपर फेकें और थप्पड़ मारने की कोशिश की. सीएम दफ्तर में पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस व्यक्ति ने अचानक मुख्यमंत्री की ओर कुछ कागजात फेंके और मारने की कोशिश की. हालांकि, मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एक्शन में आकर उन्हें बचा लिया. इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई।
जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन : दिल्ली पुलिस ने भी घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. पुलिस आयुक्त ने कहा कि सुरक्षा में चूक के कारणों की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 










