बिहार : वोटर अधिकार यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी शेखपुरा पहुचे इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर बड़ा बयान दिया. कथित वोट चोरी को लेकर कहा कि “एक दिन वो सच्चाई भी सामने आएगी, जिसमें पता चलेगा कि बिहार का पिछला चुनाव भी चोरी किया गया था. चुनाव आयोग के लोग याद रखें, हमारी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर करेगी.’
‘वोट का अधिकार छीन रही बीजेपी’: राहुल गांधी शेखपुरा के बरबीघा में लोगों को संबोधित कर रहे थे. राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के गरीबों के पास सिर्फ वोट का अधिकार बचा हुआ है. अब बीजेपी सरकार इसे भी छीनने का प्रयास कर रही है. आपका वोट चला जाता है तो बाद में राशन कार्ड, उसके बाद जमीन और फिर आपके पास जो कुछ बचा हुआ है, सब चला जायेगा.
वोट चोरी से जीता चुनाव: राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग और भाजपा की सरकार मिलकर वोट चोरी करने का काम कर रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकसभा में महाराष्ट्र में कांग्रेस ने चुनाव जीता पर, चार महीने बाद विधानसभा में चुनाव आयोग की मदद से भाजपा ने वोट चोरी कर बाजी पलट दी. लोकसभा चुनाव बाद विधानसभा के चुनाव में महाराष्ट्र में एक करोड़ नए वोटर जोड़ दिए.










