सुना है आप जीवित नहीं हैं?’ बिहार में ‘मृत’ घोषित किए गए मतदाताओं से मिले राहुल गांधी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के उन लोगों के एक समूह से मुलाकात की, जिन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में ‘मृत’ घोषित किया गया है. कांग्रेस नेता ने एक्स पर एक पोस्ट में इन लोगों से अपनी बातचीत का वीडियो साझा किया.

उन्होंने लिखा, “जीवन में बहुत दिलचस्प अनुभव हुए हैं, लेकिन कभी ‘मृत लोगों’ के साथ चाय पीने का मौका नहीं मिला था. इस अनोखे अनुभव के लिए, धन्यवाद चुनाव आयोग!”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात के दौरान मुस्कुराते हुए उनसे पूछा, “सुना है आप जीवित नहीं हैं?” एक बुजुर्ग व्यक्ति ने जवाब दिया कि चुनाव आयोग ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है. उस व्यक्ति ने आगे कहा, “हमें यह मतदाता सूची से पता चला.”

इस पर राहुल गांधी ने अपना सवाल दोहराया, “तो, सूची देखने के बाद आपको पता चला कि आपका नाम गायब है या यूं कहें कि चुनाव आयोग ने आपको मार डाला है?”

वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से आने वाले यह बुजुर्ग व्यक्ति कई अन्य लोगों के साथ बिहार में एसआईआर कराने के चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए नई दिल्ली आए थे.

इस समूह के साथ आए एक याचिकाकर्ता ने बताया कि अकेले एक पंचायत में ही कम से कम 50 ऐसे मतदाता हैं. उन्होंने बताया, “ये लोग राजद नेता तेजस्वी यादव के राघोपुर निर्वाचन क्षेत्र के तीन-चार मतदान केंद्रों से हैं.”

तेजस्वी यादव के निर्वाचन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके की 85 वर्षीय एक महिला को तब पता चला कि उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है जब उनका बेटा मतदाता सूची में उनका नाम देखने गया. याचिकाकर्ता ने कहा, “वह अपना वोट बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में छह घंटे खड़ी रहीं.” उन्होंने आगे कहा, “बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं. कुछ को मृत घोषित कर दिया गया है और कुछ को स्थानांतरित दिया गया है. हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग बताए कि ये लोग कौन हैं जिनका नाम स्थानांतरित कर दिया गया

राहुल गांधी मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं. राहुल ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है.

एक युवक ने बताया कि उसने गणना फॉर्म भरा था और अपना बैंक दस्तावेज और आधार कार्ड जमा किया था. इसके बावजूद, उसका नाम काटकर उसे मृत घोषित कर दिया गया. उसने आगे कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह अनजाने में हुआ है. हम राघोपुर से हैं और तेजस्वी यादव को हराने के लिए हमारा नाम काट दिया गया है.”

याचिकाकर्ता ने कहा, “हम बस यही चाहते हैं कि विपक्षी महागठबंधन किसी तरह बिहार को बचाए. हम यहां बहुत उम्मीद लेकर आए हैं कि हमें न्याय मिलेगा.”

राहुल गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि ‘वोट चोरी’ रोकने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा, “हम वोट चोरी नहीं होने देंगे. हम राजद के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इसे जरूर रोकेंगे.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial