आज 14 अगस्त 2025 को उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ. दोपहर 3 बजे मतदान संपन्न होगा. मतदान संपन्न होने के बाद आज ही वोटों की गिनती भी होगी. ऐसी उम्मीद है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के पदों के नतीजे भी आज शाम या देर शाम तक घोषित हो जाएंगे. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले को छोड़कर शेष 12 जिलों में पंचायत चुनाव हुए हैं. बीजेपी पहले ही 5 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद निर्विरोध जीत चुकी है. इसी तरह 17 ब्लॉक प्रमुख भी बीजेपी के निर्विरोध बन चुके हैं. ब्लॉक प्रमुख के कुल 84 पद हैं.
चुनाव से पहले ही 5 जिलों में बीजेपी प्रत्याशी निर्विरोध चुने
जा चुके हैं
बीजेपी उत्तरकाशी, चंपावत, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल में निर्विरोध अपने जिला पंचायत अध्यक्ष बना चुकी है. उत्तरकाशी में बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी रमेश चौहान, चंपावत में आनंद सिंह अधिकारी, पिथौरागढ़ में जितेंद्र प्रसाद, उधम सिंह नगर में अजय मौर्या और टिहरी गढ़वाल में इशना सजवाण निर्विरोध चुने जा चुके हैं.










