चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के इमलिया गांव में रिश्तों की एक अनोखी मिसाल पेश करते हुए नीलम सिंह ने अपने देवर और भाजपा नेता इंदल सिंह बाबा को जीवनदान दिया।
किडनी खराब होने के कारण गंभीर बीमारी से जूझ रहे इंदल सिंह बाबा का गुड़गांव के एक अस्पताल में सफल ट्रांसप्लांट किया गया, जिसमें उनकी भाभी नीलम सिंह ने अपनी किडनी दान की। वहीं उनके सफल ऑपरेशन और उनके दीर्घायु को लेकर साथियों ने क्षेत्र के गोरखा स्थित हनुमान मंदिर और ब्रह्म बाबा मंदिर में हवन-पूजन और जाप किया था।
कुछ समय पहले इंदल सिंह बाबा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जांच में दोनों किडनियों के खराब होने की पुष्टि हुई। उनकी पत्नी और बरहनी जिला पंचायत सदस्य सीमा सिंह ने उन्हें लखनऊ के कई बड़े अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिली।
इसके बाद उन्हें गुड़गांव स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी। इस पर भाभी नीलम सिंह ने बिना देर किए अपनी किडनी देने का निर्णय लिया। ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया।












