उत्तराखंड के सांसदों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. नई दिल्ली में हुई मुलाकात में सांसदों ने पीएम मोदी को उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा के बारे में अपडेट दिया. पीएम मोदी ने सांसदों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. इसके साथ ही पीएम मोदी ने उत्तराखंड के सांसदों को आपदा प्रभावितों की हर तरह से मदद करने को कहा.
पीएम मोदी से मिले उत्तराखंड के सांसद: उत्तराखंड के तीन लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद ने आज संसद परिसर में पीएम मोदी के दफ्तर में उनसे मुलाकात की. पीएम से मिलने वाले लोकसभा सांसदों में पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और नैनीताल-उधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट शामिल थे. राज्यसभा सांसद और उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की.
माला राज्य लक्ष्मी शाह आपदा प्रभावित इलाके में जाएंगी:
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद टिहरी
गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह जिनके संसदीय क्षेत्र उत्तरकाशी धराली में आपदा आई है, ने बताया कि पीएम ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है. माला ने कहा कि वो आज दिल्ली से रवाना हो रही हैं. गुरुवार शाम तक वो उत्तरकाशी में आपदाग्रस्त धराली पहुंच जाएंगी. उन्होंने कहा कि मैं वहां कुछ दिन रुककर आपदा प्रभावितों से मिलूंगी और राहत बचाव कार्यों को देखूंगी. जब उनसे पूछा गया कि विपक्षी कांग्रेस के नेता उन पर आपदा के समय क्षेत्र में नहीं रहने का आरोप लगा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि आपदा के समय विपक्ष को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए. माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि जिन्हें पहाड़ की परिस्थितियां नहीं मालूम वो ऐसी बातें कर रहे हैं










