आज मैं शून्य हो गया हूं’, शिबू सोरेन के निधन पर बेटे सीएम हेमंत सोरेन का पोस्ट, पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं ने जताया शोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का निधन हो गया है. उन्होंने 81 साल की उम्र में सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली. शिबू सोरेन के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है. वे आदिवासी समाज के बड़े नेता थे. उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने उनके निधन की जानकारी देते हुए अपना दुख जाहिर किया. उन्होंने कहा कि आज मैं शून्य हो गया हूं.

गौरतलब हो कि दिशोम गुरु काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे. दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. झारखंड के लोग उनके स्वस्थ होने को लेकर जगह-जगह पूजा और प्रार्थनाएं कर रहे थे. सीएम हेमंत सोरेन भी पूरे परिवार संग दिल्ली में शिबू सोरेन के साथ मौजूद थे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने शिबू सोरेन के निधन को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति बताया है. उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया. जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा, उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया. जनता, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण पर उनके ज़ोर को सदैव याद रखा जाएगा. मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं.

शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने शिबू सोरेन को एक ज़मीनी नेता बताते हुए लिखा कि उन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ. वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे. उनके निधन से दुःख हुआ. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं. पीएम मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात भी की और संवेदना व्यक्त की.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ. आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज, सोरेन जी ने उनके हक और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया. झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा. हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.

वहीं झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद व पीड़ादायक बताया. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जनजातीय अस्मिता व अधिकार के सशक्त स्वर थे. राजनीतिक-सामाजिक जगत में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial