नई दिल्ली: निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति के चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है. जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, चुनाव के लिए जरूरत पड़ने पर वोटिंग 9 सितंबर को होगी और इसी दिन रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा. 21 अगस्त तक उपराष्ट्रपति के पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 25 अगस्त निर्धारित की गई है. यह चुनाव जगदीप धनखड़ के पद से इस्तीफा देने के कारण आवश्यक हो गया है.
निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल को अंतिम रूप दिया
बता दें कि, इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल को अंतिम रूप दे दिया था. भारत के उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य, मनोनीत सदस्य और लोकसभा के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं. निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि उसने 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया है.
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
निर्वाचक मंडल की सूची अधिसूचना की तारीख से निर्वाचन आयोग कार्यालय में स्थापित एक काउंटर पर खरीदने के लिए उपलब्ध होगी, जिसकी घोषणा जल्द ही होने की संभावना है.धनखड़ ने अपने कार्यकाल की समाप्ति से लगभग दो साल पहले, 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. उनका कार्यकाल 10 अगस्त, 2027 तक के लिए था.










