मेरठ: शनिवार शाम उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी अचानक दुर्घटना ग्रस्त हो गई. इस हादसे में एक सुरक्षा कर्मी को गंभीर चोटें आई हैं. उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. मेरठ में दिल्ली देहरादून हाइवे पर एमआईटी कॉलेज के नजदीक शनिवार शाम उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं.
बाल-बाल बचे पूर्व सीएम हरीश रावत: इस हादसे पूर्व सीएम हरीश रावत बाल बाल बच गये, जबकि वहीं सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई. जैसे ही गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई हाइवे पर देखते ही देखते जाम की स्थिति पैदा हो गई. तत्काल मौके पर कंकर खेड़ा पुलिस पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलावाया गया. साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया.
हरीश रावत ने कहा मैं सुरक्षित हूं: हादसे के बाद हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा-
मैं ठीक हूँ, चिंता की कोई बात नहीं है, गाड़ी को नुकसान जरूर हुआ है।
कैसे हुआ हादसा? जानकारी के मुताबिक, हरीश रावत अपने काफिले के साथ दिल्ली से देहरादून जा रहे थे. मेरठ सीमा में प्रवेश करते ही उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराई गई. शनिवार और धनतेरस होने की वजह से हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक था. इसी दौरान अचानक आगे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी ने ब्रेक लगा दिए. एस्कार्ट के ठीक पीछे चल रही हरीश रावत की इनोवा कार नियंत्रण खो बैठी और सीधे एस्कॉर्ट वाहन से जा टकराई. इसके बाद वहां अनेक गाड़ियां आपस में टकरा गईं.










