दोहा: पाकिस्तान और अफगानिस्तान भीषण सीमा संघर्ष के बाद तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं. कतर ने इसकी जानकारी देते हुए घोषणा की कि दोनों देशों के बीच सहमति बन गई है. इसी के साथ दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर योजना तैयार की गई है. बता दें कि शनिवार को पाकिस्तानी हवाई हमले में तीन अफगान क्रिकेटरों सहित 17 लोग मारे गए थे. ये हमले अरगुन और बरमल जिलों के रिहायशी इलाकों में किए गए जिससे बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए.
यह घोषणा कतर के विदेश मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी एक बयान में की. ये दोहा में कतर और तुर्की की मध्यस्थता से प्राप्त एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक सफलता को दर्शाता है. कतर के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार दोनों देशों के बीच मधुर संबंधों को बनाए रखने को लेकर दीर्घकालिक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए आने वाले दिनों में बैठकें की जाएंगी.
बयान में कहा गया, ‘इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दोहा में कतर और तुर्की की मध्यस्थता में वार्ता का एक दौर आयोजित किया गया. वार्ता के दौरान दोनों पक्ष तत्काल युद्धविराम और दोनों देशों के बीच स्थायी शांति और स्थिरता को मजबूत करने के लिए तंत्र स्थापित करने पर सहमत हुए.’
इसमें आगे कहा गया, ‘दोनों पक्ष आने वाले दिनों में युद्धविराम की स्थिरता सुनिश्चित करने और विश्वसनीय एवं टिकाऊ तरीके से इसके कार्यान्वयन की पुष्टि करने के लिए फॉलोअप बैठकें आयोजित करने पर भी सहमत हुए. इससे दोनों देशों में सुरक्षा और स्थिरता प्राप्त करने में योगदान मिलेगा.’
कतर के विदेश मंत्रालय ने भी आशा व्यक्त की है कि यह सफलता पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव कम करने और क्षेत्र में स्थायी शांति की नींव रखने में मदद करेगी. बयान के अंत में विदेश मंत्रालय ने कतर की आशा व्यक्त की है कि यह महत्वपूर्ण कदम दोनों भाईचारे वाले देशों के बीच सीमा पर तनाव को समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए एक ठोस आधार तैयार करने में योगदान देगा.’
अफगानिस्तान ने सीमा संघर्षों की शुरुआत के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया
अफगानिस्तान के प्रधानमंत्री मुल्ला मोहम्मद हसन अखुंद ने शनिवार को सीमा पर हाल ही में बढ़े संघर्षों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इस्लामाबाद ने अफगान क्षेत्र का उल्लंघन करके संघर्ष की शुरुआत की.
अफगानिस्तान की ओर से कहा गया कि काबुल संघर्ष नहीं चाहता, लेकिन पाकिस्तानी हमले के बाद उसे जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा. बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और हालिया सीमा तनाव पर चर्चा की.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाक द्वारा अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में किए गए सिलसिलेवार हवाई हमलों में तीन अफगान क्रिकेटरों समेत 17 लोगों की मौत के बाद दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह बातचीत कतर की राजधानी दोहा में पाकिस्तानी और अफगान प्रतिनिधिमंडलों के बीच चल रही शांति वार्ता के बीच हुई.










