कुरुर: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु के करुर में शनिवार को चुनावी रैली में भगदड़ को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. इस रैली में भगदड़ के चलते 39 लोगों की मौत हो गई जिसमें 8 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं. हादसे के बाद कुल 95 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. तमिलगा वेत्री काजहाम (टीवीके) के प्रमुख विजय के नेतृत्व में रैली निकाली गई थी.
95 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया: तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव
तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंटहिल कुमार के अनुसार हादसे के बाद कुल 95 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. 51 लोगों को सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया. एक को छोड़कर अन्य लोग की हालत स्थिर है. विशेष डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं. 44 लोगों का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई.
विजय के आगमन में देरी से बढ़ी भीड़:डीजीपी
तमिलनाडु के डीजीपी जी वेंकटारमन ने कहा है कि एक्टर विजय के आने में देरी के चलते भीड़ बढ़ गई. इस हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो गई है.
भगदड़ में मौत को लेकर मामला दर्ज
तमिलनाडु के करुर में भगदड़ को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरी घटना की जांच में जुटी है. पुलिस इस बात का पता लगाने जुटी है कि क्या कोई इसके पीछे साजिश तो नहीं है. साथ ही ये भी पता लगा रही है कि किन वजह से भगदड़ मची. तमिलनाडु के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP), लॉ एंड ऑर्डर एस डेविडसन देवसिरवथम ने कहा, ‘एक मामला दर्ज कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच की जा रही है.’
राजनीतिक दल के कार्यक्रम में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ: स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि इतिहास में एक राजनीतिक दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए हादसे में इतनी बड़ी संख्या में लोग कभी नहीं मारे गए थे. इस दुखद घटना में 39 लोग मारे गए.
हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एक जांच आयोग के गठन का आदेश
सीएम स्टालिन ने कहा कि उन्होंने एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक जांच आयोग के गठन का आदेश दिया है. सीएम स्टालिन ने कहा, ‘भारी दिल के साथ मैं उन लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवा दी है.
मृतक के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा
मुख्यमंत्री स्टालिन ने मृतक के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करने की घोषणा की. साथ ही घायल होने वालों को 1 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाएगा.








