नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को स्पीकर के पद की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सदन की कार्यवाही सदन के नियमों के अनुसार सख्ती से चले.
केंद्रीय मंत्री शाह ने दिल्ली विधानसभा में दो दिवसीय अखिल भारतीय अध्यक्ष सम्मेलन का उद्घाटन में चेतावनी दी कि ऐतिहासिक रूप से जिन विधानसभाओं ने अपनी गरिमा खोई है, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़े हैं. शाह ने कहा कि अखिल भारतीय अध्यक्ष सम्मेलन नेताओं को अध्यक्ष पद की गरिमा और सम्मान बढ़ाने की दिशा में काम करने का अवसर प्रदान करता है.
उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए अध्यक्ष पद की गरिमा और सम्मान बढ़ाने की दिशा में काम करने का एक अवसर है. हमें अपने देश के लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए एक निष्पक्ष मंच प्रदान करने का प्रयास करना चाहिए.”
निष्पक्ष बहस करनी चाहिए’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, सरकार और विपक्ष दोनों को निष्पक्ष बहस करनी चाहिए. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सदन का संचालन नियमों के अनुसार हो… हमारे 13000 साल के इतिहास में, जब भी विधानसभाओं ने अपनी गरिमा खोई है, हमें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़े हैं.”
इस दौरान शाह ने विट्ठलभाई पटेल की केंद्रीय विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति की शताब्दी मनाई. पटेल 24 अगस्त 1925 को केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे और केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष का पद संभालने वाले पहले भारतीय थे.











