रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया. वो कई दिनों से दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती थे. वे अपने बाथरूम में फिसल कर गिर गए थे. जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी थी. घायल अवस्था में उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनके ब्रेन में क्लॉट हो गया है. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया.
एयर एंबुलेंस के द्वारा मंत्री रामदास सोरेन को दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत गंभीर थी. डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई थी. शुक्रवार को उनका निधन हो गया. उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है. उनके आवास पर उनके समर्थकों का जुटान शुरू हो गया है. हर किसी की आंखें नम हैं. 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा है कि ऐसे नहीं जाना था. उनके निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है.










