रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग के सोनप्रयाग में यात्रियों पर लाठीचार्ज हुआ है. यात्री केदारनाथ धाम जाने की मांग कर रहे थे. जिस पर पुलिस ने खराब मौसम का हवाला देकर बैरिकेड लगाकर आगे जाने से मना कर दिया, लेकिन यात्री अपनी जिद पर अड़े रहे. इतना ही नहीं यात्रियों ने बैरिकेड भी तोड़ डाले, जिस पर पुलिस को स्थिति संभालने के लिए लाठी फटकारी पड़ी. लाठियां पड़ने के बाद यात्री तीतर-बीतर हो गए।
सीतापुर और सोनप्रयाग में यात्रियों का जुटा हुजूम:
बता दें कि 14 अगस्त तक केदारनाथ धाम की यात्रा बंद है. मौसम विभाग ने 14 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है. जानकारी के अभाव में भारी संख्या में आज तीर्थ यात्री सोनप्रयाग पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया.
आक्रोशित यात्रियों ने सोनप्रयाग में लगाए गए बैरियर को तोड़ दिया और आगे की ओर बढ़ने लगे. यात्रियों को केदारनाथ धाम जाने से रोकने के लिए पुलिस ने यात्रियों पर लाठीचार्ज कर दिया. इसके बाद तीर्थ यात्री जान बचाते हुए सोनप्रयाग में इधर-उधर भागते नजर आए. इस वक्त केदारनाथ धाम जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री
सीतापुर और सोनप्रयाग पहुंचे हुए हैं.
14 अगस्त तक केदारनाथ यात्रा पर लगी है रोक:
रुद्रप्रयाग डीएम प्रतीक जैन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ धाम यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई है. बीती 12 अगस्त से अस्थायी रूप से यात्रा बंद है, जो 14 अगस्त को बंद रहेगी. आगे का फैसला मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर निर्भर करेगा. फिलहाल, मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग समेत प्रदेश भर में भारी बारिश की आशंका जताई है.










