अच्छी सेहत पाने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपने खान-पान को ठीक कर लें। हरी सब्जियां और रोज कम से कम एक मौसमी फल का अगर आप सेवन करना शुरू कर देते हैं तो ये दो उपाय ही कई बीमारियों के खतरे को कम कर सकते हैं। अध्ययनों में जिन फलों को सेहत के लिए सबसे फायदेमंद पाया गया है पपीता उनमें से एक है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को पपीता जरूर खाना चाहिए। इसका सेवन अगर आप खाली पेट करते हैं तो अधिकतम लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं।
आहार विशेषज्ञ पपीते को डेली हेल्थ बूस्टर कहते है, क्योंकि यह शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से लेकर त्वचा को निखारने तक कई तरह के फायदे देता है। शोध बताते हैं कि पपीते में मौजूद कैरोटेनॉयड्स, विशेषकर बीटा-कैरोटीन और लाइकोपीन, दिल और आंखों के लिए लाभकारी होते हैं। इसका नियमित सेवन शरीर में सूजन कम करता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है।
सुबह खाली पेट इसका सेवन किया जाए तो इसके स्वास्थ्य लाभ और भी अधिक प्रभावी हो सकते हैं। खाली पेट पपीता खाने से शरीर की डिटॉक्स प्रक्रिया तेज होती है, जिससे लिवर और पेट से विषैले तत्व बाहर निकलते हैं।
हालांकि, कुछ लोगों को इससे थोड़ी एसिडिटी या पेट में जलन की शिकायत हो सकती है, खासकर यदि उनका पेट संवेदनशील हो। इसलिए सीमित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए।
हृदय एवं मधुमेह संबंधी लाभ

पपीते में मौजूद फाइबर, पोटैशियम, और एंटीऑक्सीडेंट्स रक्त चाप को नियंत्रित रखते और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं, जिससे हृदय रोगों का जोखिम घटता है। इसके अलावा, पपीता का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है ऐसे में मधुमेह में भी इसका संयमित सेवन करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है।










