अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर और भी “सेकेंडरी सैंक्शन” लगाने के संकेत दिए हैं. उनका यह बयान तब आया जब भारत पर उन्होंने 25% अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान किया था. एक रिपोर्टर के पूछे जाने पर कि चीन जैसे अन्य देश भी तो रूसी तेल आयात करते हैं, इसके बावजूद भारत पर अतिरिक्त टैरिफ क्यों लगाया गया? इस पर राष्ट्रपति ने जवाब दिया, “अभी तो सिर्फ 8 घंटे हुए हैं. देखते रहिए क्या होता है. आपको और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा… आपको कई सेकेंडरी सैंक्शन देखने को मिलेंगे.”
ट्रंप ने चीन पर भी सैंक्शन” लगाने की बात कही है. ट्रंप ने अपने बयान में कहा, “हमने भारत पर 50% टैरिफ लगाया है, जो रूसी तेल खरीदने में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है.” यह पूछे जाने पर कि क्या आप भारत की तरह चीन पर भी और टैरिफ लगाने जा रहे हैं? ट्रंप ने जवाब दिया, “हमने भारत के साथ किया. कई अन्य देशों पर भी ये लागू किया. उनमें एक चीन भी हो सकता है.”
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का कहना है कि भारत ने रूसी तेल खरीद बंद करने से इनकार किया है, जो कि अमेरिका के लिए “नेशनल सिक्योरिटी” का मामला है. एक इंटरव्यू में ट्रंप ने खुद भारत पर यूक्रेन में रूसी युद्ध को प्रभावी ढंग से फंड करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, “भारत युद्ध मशीन को फ्यूल दे रहा है.”
भारत पर लागू होगा 50% बेसलाइन टैरिफ
राष्ट्रपति ट्रंप ने 30 जुलाई को भारत से इंपोर्ट किए जाने वाले सामानों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी. इसके बाद 6 अगस्त को उन्होंने एक और 25% अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान कर दिया. इस कदम से भारत पर कुल टैरिफ दर 50% तक पहुंच जाएगी. पहला 25% टैरिफ 7 अगस्त से लागू होगा, जबकि नया अतिरिक्त 25% टैरिफ 21 दिन बाद, यानी 27 अगस्त से प्रभावी होगा. इस तरह भारत पर कुल 50% बेसलाइन टैरिफ लागू हो जाएगा. यह पहली बार है जब ट्रंप ने रूस के व्यापारिक साझेदारों पर “सेकंड्री टैरिफ” लगाने का कदम उठाया है. हालांकि, चीन पर लगाए गए टैरिफ पर उन्होंने 90 दिनों की रोक लगा रखी है.










