उत्तरकाशी: जिले के धराली में मंगलवार को आई प्राकृतिक आपदा के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सेना के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस राहत और बचाव कार्य में लगी है. उत्तरकाशी के धराली गांव में आई आपदा जैसी स्थिति शासन- प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्रवाई कर रहे हैं.आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की ड्यूटी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगाने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में मरीजों के उपचार के लिए 11 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की टीम गठित की गई है. इसमें 5 सर्जन स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स, चार आर्थो स्पेशलिस्ट और दो फिजिशियन डॉक्टर्स शामिल हैं. धराली आपदा में 4 लोगों की मौत हो चुकी है. बड़ी संख्या में लोग लापता हैं. इसके साथ ही आर्मी कैंप को भी नुकसान पहुंचा है।
आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने धराली पहुंचे सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, धराली बाजार, हर्षिल एवं आसपास के क्षेत्रों में आपदा से हुई क्षति का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे उत्तरकाशी. सीएम ने कहा कि हमारे लिए हर व्यक्ति की जान कीमती है. ग्राउंड जीरो पर तेजी से राहत कार्य किए जा रहे हैं. अब तक 80 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. राहत एवं बचाव कार्यों के त्वरित सम्पादन के लिए शासन स्तर पर तीन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. वायु सेना से भी मदद मांगी गई है. मैं स्वयं भी आपदा स्थल का निरीक्षण कर रहा हूं. आपदा की इस घड़ी में पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है.
बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
पीएम मोदी ने सीएम धामी से लिया धराली राहत और बचाव कार्यों का अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की है. पीएम ने धराली आपदा में हुए नुकसान और राहत बचाव कार्यों का अपडेट लिया. मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई है. लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके. प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.










