चमोली: जोशीमठ के पास हेलंग में बड़ा हादसा हुआ है. टीएचडीसी बैराज के पास कंपनी के डैम साइट पर ऊपर से टूटे पहाड़ का मलबा गिर गया. इस लैंडस्लाइड में कई मजदूर घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया.
चमोली के हेलंग में भीषण लैंडस्लाइड: चमोली जिले में हेलंग के समीप निर्माणाधीन एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट साइट के पास पहाड़ एक बार फिर से ढहकर धड़ाम से नीचे गिर गया. इस हादसे में कंपनी के 12 मजदूर के घायल हो जाने की खबर है . मामला जोशीमठ के पास हेलंग के टीएचडीसी के बैराज साइड का है. यहां पहाड़ी टूटने से अफरा तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि इस दौरान बड़ी संख्या में मजदूर साइट पर कार्य कर रहे थे.
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि हेलंग में हुई घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना में 12 लोग घायल हुए हैं. 4 लोगों का टीएचडीसी चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है. गंभीर रूप से घायल 2 लोगों का स्वामी विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में उपचार किया जा रहा है. गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया है
जहां पहाड़ गिरा वहां 70 मजदूर काम कर रहे थे: जिलाधिकारी के अनुसार साइट पर हादसे के वक्त करीब 300 मजदूर थे. जहां पर लैंडस्लाइड हुआ वहां पर 70 के करीब मजदूर कार्य कर रहे थे. भूस्खलन का आभास होते ही अन्य कर्मचारियों ने कार्य कर रहे लोगों को सर्तक किया. इस दौरान लोगों ने भाग कर जान बचाई।
मजदूरों ने भाग कर बचाई जान: बताया गया कि इस परियोजना के डाइवर्जन निर्माण के दौरान इन दिनों अलकनंदा नदी 300 मीटर क्षेत्र में डावर्जन टनल के अंदर से बह रही है. बताया गया कि डैम निर्माण स्थल के साथ इनटेक टनल पर 70 से अधिक कर्मचारी अधिकारी, मजदूर मौजूद थे. हालांकि अभी सभी सुरक्षित बताए गए हैं. सभी ने भाग कर जान बचाई है।










