नई दिल्ली: दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी है। दोनों नेता पिछले 7 दिनों से तिहाड़ जेल में बंद थे।
14 अक्टूबर को उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद 19 अक्टूबर को SEM कोर्ट ने उनकी हिरासत को 2 दिन के लिए और बढ़ा दिया था, जिसकी अवधि (21 अक्टूबर 2026) को समाप्त हो रही थी।
बुधवार को दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत को 3 दिन और बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, मंदिर मार्ग स्थित SEM कोर्ट में करीब डेढ़ घंटे चली लंबी सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने पुलिस की मांग को खारिज कर दिया और दोनों को जमानत दे दी।
बता दें कि सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर के प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति के दाखिल होने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिए गए ‘पीस बॉन्ड’ का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।









