स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें बुलंदशहर में डेरा डाले हुए थीं। स्वतंत्र भारद्वाज पर दिल्ली के जंतर मंतर में निशु आजाद के पिता संजय से मारपीट करने क आरोप है।
इस बारे में स्वतंत्र भारद्वाज ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में खुद ही दावा किया था कि मैंने एक लड़की के पिता का सिर फोड़ डाला था। उसके इस तरह अपराध को स्वीकार करने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया था। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी और कई नेताओं ने मिलकर संसद मार्ग थाने में जाकर शिकायत दी थी।
स्वतंत्र भारद्वाज पर एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि निशु आजाद दलित समुदाय से ताल्लुक रखती है। आरोपी ने खुद पर एक्शन न होने को लेकर कपिल मिश्रा, चिराग पासवान जैसे नेताओं को अपना बड़ा भाई बताया था।
अब इस मामले में चिराग पासवान का बयान सामने आया है और उनका कहना है कि मेरे नाम का उसने गलत इस्तेमाल किया है। चिराग ने कहा कि उसने मेरा नाम इस्तेमाल किया है और भी कई नेताओं के नाम उसने लिए हैं। मैंने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। मैं दिल्ली पुलिस से आग्रह करूंगा कि इस केस की गंभीरता के साथ जांच की जाए।
स्वतंत्र भारद्वाज के दावे के बाद से मामला गरमाया हुआ है। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके निशु की मदद करने की बात कही थी। वहीं निशु ने भी एक ट्वीट में कहा था कि मुझे अब विपक्ष के नेता राहुल गांधी से ही उम्मीद है।









