हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण विवाद- कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र, राज्यसभा में किया वादा दिलाया याद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में 11 अगस्त को हुए कथित शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस का आक्रोश लगातार बना हुआ है। उधर, इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। राहुल पर दलितों को अपमान करने का आरोप लगा है। इधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर ‘कार्रवाई के आश्वासन’ की याद दिलाई है।

दरअसल 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विशाल रैली आयोजित हुई थी । आयोजन के चौथे दिन 11 अगस्त को श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े लोगों ने मैदान और मंच पर धार्मिक अनुष्ठान किया। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को दलित नेता की मौजूदगी होने पर ‘शुद्धिकरण’ बताया।

इसके बाद 13 अगस्त को मल्लिकार्जुन खरगे ने पूरे विवाद को राज्यसभा में उठाया और कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खरगे के आरोपों पर सदन नेता जेपी नड्डा ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

लेकिन आश्वासन के 21 दिन बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अब मल्लिकार्जुन खरगे ने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर ‘आश्वासन’ की याद दिलाई है। खरगे ने अपने X अकाउंट पर लिखा,

राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए शुद्धिकरण (Purification) के गंभीर मामले में उनके द्वारा सदन में दिए गए आश्वासन की मैंने याद दिलाई है और आग्रह किया है कि इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए’।

’24 दिन बीत जाने के बाद भी इस घृणित घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों व संगठनों के विरुद्ध एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है’।

‘मैंने पत्र में स्पष्ट कहा है- यह मुद्दा निजी तौर पर मेरे या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से परे व्यापक तौर पर करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है, जो इस क्रूर वास्तविकता से रोज रूबरू होते रहते हैं। ऐसे गलत लोगों को सबक देना जरूरी है। और मेरी मांग स्पष्ट है कि इन तथ्यों और राज्य सभा सदन में दिए गए आश्वासन के आलोक में आप मुख्यमंत्री उत्तराखंड को निर्देशित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान पर हुए शुद्धिकरण की इस घटना में संलिप्त व्यक्तियों और संगठनों पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करें।

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial