नई दिल्ली। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए ‘शुद्धिकरण’ का मुद्दा गरमाने लगा है। आज खरगे ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए अपना दर्द बयां किया और कहा कि उनके स्टेज का शुद्धिकरण किया गया। शुद्धिकरण करके मेरा अपमान किया गया।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, मैं हल्द्वानी में था, जहां मैंने रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। वहां लाखों लोग मौजूद थे। उस समय, मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया, मैंने केवल सरकार से जुड़े मुद्दों को दोहराया।
इस दौरान खरगे ने कहा कि मैं इसे सियासी मुद्दा नहीं बनाना चाहता। मैं अनुसूचित जाती से आता हूं और दलित हूं। मुझे लड़ने की ताकत है और मैं लड़ता भी हूं। आप शुद्धीकरण करते हैं और मेरा अपमान करते हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह दुखद है। ऐसी घटना आपके लिए ही नहीं बल्कि समूचे राष्ट्र के लिए दुखद है। हम इसकी जांच करेंगे। बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती है।
शुद्धिकरण का ये मुद्दा अब देश की संसद तक पहुंच गया है।माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर सियासत और गरमाने के आसार हैं।









