सीएम धामी की कोशिशों से रूस में फंसे उत्तराखंड के दो भाइयों की सुरक्षित वतन वापसी, मुख्यमंत्री का जताया आभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून:  सीएम पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप और राज्य सरकार के लगातार प्रयासों से रूस में करीब 97 दिनों से फंसे पिथौरागढ़ निवासी दो भाई आनंद सिंह कार्की और भूपेंद्र सिंह कार्की सकुशल अपने घर लौट आए हैं। दोनों के सुरक्षित घर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर उनसे बातचीत कर कुशलक्षेम जानी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

परिजनों के अनुसार, दोनों भाइयों को बेहतर रोजगार दिलाने का झांसा देकर सितारगंज स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से रूस भेजा गया था। परिवार का आरोप है कि रोजगार के नाम पर उनसे करीब 8 लाख रुपये लिए गए थे। दोनों भाई 5 मई 2026 को भारत से रवाना हुए और 6 मई को मॉस्को पहुंचे।

परिजनों के मुताबिक रूस पहुंचने के बाद दोनों युवकों को उस काम में नहीं लगाया गया, जिसके लिए उन्हें भेजा गया था। उनकी इच्छा के विपरीत अन्य कार्य कराए गए और पारिश्रमिक भी नहीं दिया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने की अनुमति नहीं थी और काम से इनकार करने पर धमकाया जाता था।

लंबे समय तक दोनों से नियमित संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिवार की चिंता बढ़ती गई। अंतिम संपर्क के दौरान युवकों ने जिस परिसर में उन्हें रखा गया था, उसके आसपास ड्रोन या मिसाइल हमले की जानकारी भी परिजनों को दी थी।

मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों युवकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय और रूस स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय कर उनकी वापसी के प्रयास तेज किए। करीब 97 दिनों के लंबे इंतजार के बाद दोनों भाई सुरक्षित भारत लौटने में सफल रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का कोई भी नागरिक दुनिया के किसी भी हिस्से में संकट में होगा तो राज्य सरकार उसकी सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। प्रदेशवासियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दोनों भाइयों की वापसी के प्रयासों में उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी और समाजसेवी रामदेव वर्मा ने भी परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा तथा संबंधित स्तर पर समन्वय में सहयोग किया।

दोनों युवकों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री धामी, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास, राज्य सरकार के अधिकारियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial