सीएम धामी ने ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में किया प्रतिभाग, प्रदेशवासियों से किया घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क में आयोजित हर घर तिरंगा’ यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव जीवंत रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री हजारों लोगों के साथ गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था, स्वदेशी तकनीक, डिजिटल क्षेत्र और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल लगातार मजबूत हुआ है और देश ने विभिन्न अभियानों के माध्यम से अपनी सामरिक क्षमता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial