देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में देहरादून के कुआंवाला में संगठनात्मक बैठक हुई, बैठक में संगठन की मजबूती और मिशन 2027 की रणनीति पर चर्चा हुई।
इस बैठक जरिए पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि आगामी चुनाव में बीजेपी की रणनीति केवल सरकार की उपलब्धियों के भरोसे नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, त्रुटिहीन मतदाता सूची और हर वोट को मतदान केंद्र तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगी।
बता दें कि बीजेपी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का अभियान शुरू कर दिया है। कुआंवाला में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर फोकस करने के निर्देश दिए।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताते हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित कराने और संगठन के माध्यम से घर-घर संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।पार्टी ने उत्तराखंड में 2027 में रिकॉर्ड जीत का लक्ष्य दोहराया।
बैठक का सबसे अहम संदेश यह रहा कि बीजेपी अब 2027 के चुनाव को पूरी तरह बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची के आधार पर लड़ने की तैयारी कर रही है. राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को बीजेपी का अभेद दुर्ग बनाना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन के जहां कम, वहां हम अभियान को आगामी चुनाव की आधारशिला बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठनात्मक मजबूती और बेहतर चुनाव प्रबंधन आवश्यक है।
इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी। ताकि, पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हो सके और मतदान प्रतिशत भी बढ़ाया जा सके. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मतदाता सूची को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि,
“बीजेपी का उद्देश्य ये सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र नाम सूची में शामिल न हों. यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संवैधानिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।“- महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी
राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो बीजेपी ने इस बैठक के माध्यम से साफ संकेत दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अब संगठनात्मक स्तर पर पूरी तरह शुरू हो चुकी हैं।









