नई दिल्ली: राम मंदिर में चढ़ावे में कथित धांधली के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने पीएम मोदी पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पीएम मोदी का नाम लेकर कई सवाल दागे और पूछा कि इतने लंबे समय तक हुई चोरी का उन्हें पता कैसे नहीं लगा? केजरीवाल ने यह भी जानना चाहा कि किस मजबूरी के तहत दोषियों को बचाया जा रहा है।
केजरीवाल ने कहा, ‘राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई है यह अब सब लोग मान रहे हैं। बल्कि इसमें बड़े प्रभावशाली लोग शामिल हैं। लेकिन सवाल है कि क्या उनके खिलाफ ऐक्शन होगा, गिरफ्तारी होगी? मैं देख रहा था कि कुछ एंकर कह रहे हैं कि मोदी जी किसी को छोड़ेंगे नहीं। मैं देश के लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या आपको भी भरोसा है कि मोदी जी असली चोरों को सजा दिलवा पाएंगे।’
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, ‘मैं यह नहीं कह सकता मेरे पास इस बात का सबूत नहीं कि पैसा मोदी जी के तक पहुंचा, इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। लेकिन पूरा घटनाक्रम यह दिखाता है कि मोदी जी ने पूरे मामले को रफा-दफा करने और दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए एसआईटी बना दी। बिना एफआईआर के एसआईटी कैसे बन सकती है। उसी दिन देश के लोगों को पता चल गया था कि लीपापोती कर रहे हैं। फिर आपने फर्जी एफआईआर की, आठ छोटे लोगों को गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने रिमांड पर नहीं लिया।’ केजरीवाल ने कहा कि बृजभूषण सिंह और बाबा बागेश्वर जैसे लोग कह रहे हैं कि उन्हें मुंह खोलने से डर लग रहा है।
बृजभूषण का कहना है कि अगर मैंने मुंह खोला तो बड़े बड़े नाम आएंगे और मुझे खतरा है। ऐसे कौन से नाम है जिनका नाम बृजभूषण को भी खतरा है। बाबा बागेश्वर भी कह रहे हैं कि बड़े नाम शामिल हैं, नाम लिया तो मुझ पर आंच आ सकती है।








