नई दिल्ली: आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। एक बार फिर एलपीजी गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तेल कंपनियों ने एक झटके में 29 रुपये का इज़ाफ़ा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 14 किलोग्राम वाला गैस सिलेंडर 913 रुपये की जगह 942 रुपये का हो गया है।
ये पिछले तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है। नई कीमतें 7 जून से ही लागू हो गई हैं। इससे पहले, तेल कंपनियों ने 7 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹60 की बढ़ोतरी की थी।
अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हुई बढ़ोतरी से कंपनियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा था। इस नुकसान को कम करने और इसका कुछ हिस्सा आम लोगों पर डालने के लिए कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर इज़ाफ़ा कर दिया है।








