हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा और जन सुविधाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन यह केवल चिन्हित स्थलों पर ही होनी चाहिए, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, चारधाम यात्रा और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर भी अपना पक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि नमाज पढ़ने की किसी को मनाही नहीं है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि नमाज केवल तय और चिन्हित स्थलों पर ही अदा की जाए।सीएम धामी ने कहा कि किसी भी धार्मिक गतिविधि से सड़क, यातायात या आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सीएम धामी के सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने वाले बयान के बाद सूबे में सियासी पारा चढ़ गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने कहा कि यह कोई आम चलन नहीं होना चाहिए, लेकिन विशेष परिस्थितियों में नमाज पढ़ना लोगों का अधिकार है, हम उनका यह अधिकार छीन नहीं सकते।









