नई दिल्ली: राहुल गांधी के गद्दार वाले बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के ‘गद्दार’ वाले बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है, बल्कि उन्हें अराजकतावादी मानसिकता वाला बता दिया है। बीजेपी नेता ने यह भी कहा है कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हार, निराशा राहुल गांधी के स्वभाव और चरित्र में दिख रहा है और इसी हताशा और निराशा में उनके इस तरह के शब्दों वाले बयान आ रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि ‘राहुल गांधी के पूर्वजों ने इस देश की जमीर और जमीन को हमेशा गिरवी रखने का काम किया। कभी देश के सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने का काम नहीं किया।’
नितिन नवीन ने राहुल गांधी से पूछा , ‘क्या नक्सलवाद खत्म करना गद्दारी है? क्या इस देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? क्या इस देश के तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में कराना गद्दारी है?
राहुल गांधी पर हमला करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय राजनीति के आप राहु हैं, जो देश की राजनीति को गंदा और दूषित करते हैं। राहुल गांधी आपने सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं, देश की 140 करोड़ जनता का अपमान किया है।









