खड़गपुर: पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के ‘प्लैटिनम जुबली’ समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की तरक्की के लिए ‘अपनी सीमाओं को तोड़ने’ (ब्रेक द लिमिट्स) का मंत्र दिया। उन्होंने अगली पीढ़ी का आह्वान किया कि वे अपनी सोच को किसी दायरे में न बांधें, बल्कि बड़े लक्ष्य तय करें। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि चुनौतियों से घबराएं नहीं, सोच को बड़ा रखें।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आईआईटी खड़गपुर की बेहद अहम भूमिका है। संस्थान के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा, “यह वही पवित्र भूमि है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन सेनानियों का सपना था कि भारत अपने दम पर आगे बढ़े और दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बने। उसी मिट्टी पर आईआईटी खड़गपुर की नींव रखी गई। उनका यह विजन आज आप सभी युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
पीएम ने युवाओं को खुद पर भरोसा रखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने की सलाह दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं रास्ते में आने वाली चुनौतियों को चुनौती दिए बिना कभी नहीं रुकता। अक्सर लोग मुश्किलों से घबरा जाते हैं और अपनी ही क्षमताओं पर एक कृत्रिम सीमा लगा लेते हैं। जो लोग अपनी सोच को सीमित रखते हैं, वे कभी आगे नहीं बढ़ पाते।
इस मौके पर पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश को जीवन का मूलमंत्र बनाने की अपील की।उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था— ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।’ हमें उनकी इस सीख को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा, तभी हम एक ‘विकसित भारत’ का निर्माण कर पाएंगे।”








