अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के 40वें दिन बड़ी राहत भरी खबर सामने आयी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान किया है। ईरान भी दो हफ्ते के सीजफायर के लिए राजी हो गया है। इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने समन्वय बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘पाकिस्तान के प्राइम मिनिस्टर शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर और जिसमें उन्होंने रिक्वेस्ट की थी कि मैं आज रात ईरान भेजी जा रही सेना को रोक दूं, बशर्ते इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर राजी हो जाए।
अमेरिका के लिए ‘पूरी तरह से जीत’: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एएफपी को बताया कि ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफायर डील पर सहमत होने के बाद अमेरिका ने ‘पूरी तरह से जीत’ हासिल की है। ‘पूरी तरह से जीत। 100 परसेंट इसमें कोई शक नहीं’।
ट्रंप ने कहा कि इस युद्धविराम पर दोनों पक्ष सहमत हैं। ट्रंप की ‘ईरान पर विनाशकारी हमले’ की डेडलाइन खत्म होने से पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एलान किया कि ये सीज़फ़ायर ‘तत्काल प्रभाव’ से लागू हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत के लिए एक व्यावहारिक आधार माना जा रहा है।ट्रंप के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच पहले से विवाद के लगभग सभी अहम मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन यह दो सप्ताह का समय समझौते को अंतिम रूप देने और औपचारिक तौर पर लागू करने के लिए दिया जाएगा।
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के बयान के अनुसार अमेरिका ने इन बातों पर सहमति जताई है:
- ईरान के खिलाफ अपनी “आक्रामक कार्रवाई” दोबारा न करने की गारंटी
- होर्मुज़ स्ट्रेट पर ईरान का नियंत्रण जारी रहना
- यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) को स्वीकार करना
- सभी प्रतिबंध हटाना
- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के सभी प्रस्ताव ख़त्म करना
- ईरान को मुआवज़ा देना
- क्षेत्र से अमेरिकी लड़ाकू बलों की वापसी
- और सभी मोर्चों पर युद्ध रोकना, जिसमें “लेबनान की इस्लामिक रेजिस्टेंस” के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल
फिलहाल अमेरिका, ईरान 2 हफ्ते के सीजफायर पर राजी हो गए हैं। शुक्रवार को इस्लामाबाद में बातचीत हो सकती है। अमेरिका, ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफायर पर राजी हो गया है, जिसका प्रस्ताव पाकिस्तान ने रखा था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह ऐलान पश्चिम एशियाई देश से सभ्यता को खत्म करने की अपनी डेडलाइन खत्म होने से 90 मिनट पहले किया।









