देहरादून : चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और रामनवमी के अवसर पर उत्तराखंड में श्रद्धा और आस्था के साथ कन्या पूजन किया गया। देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कन्या पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं हल्द्वानी में स्वच्छता कर्मियों की कन्याओं के लिए विशेष कन्या भोज का आयोजन किया गया और रामनगर में मां गिरिजा की ज्योत यात्रा निकाली गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में कन्या पूजन कर देवी स्वरूपा बालिकाओं का सम्मान किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री ने कन्याओं के चरण पखारे, उन्हें भोजन कराया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा, आदर्शों और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को मजबूत करता है। कन्या पूजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो नारी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।










