हिमाचल पुलिस vs दिल्ली पुलिस, आधी रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, सुबह आरोपियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई टीम, अंबाला में फिर हुआ मेडिकल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया जब दिल्ली पुलिस रोहड़ू से गिरफ्तार किए गए तीन  युवा कांग्रेस कार्यकर्ता को अपने साथ लेकर जा रही थी और रास्ते में हिमाचल पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई.

मामला AI इंपैक्ट सम्मिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ा है. देर रात मजिस्ट्रेट के सामने पेशी और ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकी. आज सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर शिमला से रवाना हुई.

दरअसल दिल्ली पुलिस की टीम ने बुधवार सुबह शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया.  गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस इन तीनों को अपने साथ दिल्ली ले जा रही थी. इसी दौरान हिमाचल पुलिस ने शिमला और सोलन के धर्मपुर में दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया. यहीं से दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तनाव शुरू हो गया.

जिला अदालत पहुंचा मामला:

हिमाचल पुलिस तीनों आरोपियों और दिल्ली पुलिस की टीम को लेकर शिमला जिला अदालत पहुंची. एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM-II) की अदालत में SHO बालूगंज जसवंत सिंह की ओर से एक आवेदन दिया गया. अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे. देर शाम तक दोनों राज्यों की पुलिस और आरोपी अदालत परिसर में मौजूद रहे.

देर शाम दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई, लेकिन शिमला की सीमा पार करते ही शोघी बैरियर पर हिमाचल पुलिस ने एक बार फिर रोक लिया. यहां दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई. इस दौरान डीवीआर को लेकर भी विवाद हुआ. हिमाचल पुलिस ने वाहन की जांच की बात कही, जबकि दिल्ली पुलिस ने कहा कि गाड़ी में केस प्रॉपर्टी है और वे चाबी नहीं दे सकते. स्थिति देर रात तक तनावपूर्ण बनी रही.

इसी बीच हिमाचल पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इसके बाद दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर दोबारा शिमला लौटी. तीनों आरोपियों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, शिमला लाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया.

मेडिकल के बाद तीनों आरोपियों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM-II) एकांश कपिल के आवास न्यायालय में पेश किया गया. रात करीब 1 बजे सुनवाई हुई और दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड याचिका स्वीकार कर ली गई. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद भी शोघी बैरियर पर कुछ समय स्थिति उलझी रही.

सुबह 6:30 बजे दिल्ली पुलिस रवाना

रात भर चली तनातनी के बाद गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली पुलिस तीनों आरोपियों, जब्त थार वाहन और डीवीआर के साथ शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुई. आगे की कानूनी कार्रवाई दिल्ली में की जाएगी.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial