33,251 बालिकाओं को मिली नंदा गौरा योजना की सौगात, धामी सरकार ने डीबीटी से खातों में भेजे ₹145.93 करोड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025 26 में प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खातों में 145.93 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी है. मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने लाभार्थियों को वर्चुअली संबोधित भी किया.

सीएम बोले बेटियों का सम्मान ही राज्य की असली प्रगति: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नंदा गौरा योजना महज आर्थिक सहायता नहीं बल्कि सामाजिक सोच में बदलाव का अभियान है. उन्होंने कहा राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बेटी के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक हर चरण में सरकार उसके साथ खड़ी दिखाई दे. डीबीटी के जरिए सीधे खातों में धनराशि भेजकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है.

रेखा आर्या ने गिनाईं योजना की उपलब्धियां: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा वर्ष 2017 से संचालित यह योजना बालिका जन्म को प्रोत्साहन देने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और बाल विवाह पर रोक लगाने में प्रभावी साबित हुई है. उन्होंने बताया कि योजना के तहत बालिका जन्म पर 11,000 रुपये और 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने पर 51,000 रुपये की सहायता दी जाती है. इससे बेटियां आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपने सपनों को साकार कर रही हैं.

सरकार का दावा है कि योजना से न सिर्फ कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने में मदद मिली है बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच भी मजबूत हुई है. विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल के तौर पर देखा जा रहा है.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial