हरिद्वार में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग, मशाल जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार: अखंड परशुराम अखाड़े के नेतृत्व में सवर्ण समाज के लोगों ने यूजीसी से जुड़े नए प्रावधानों के विरोध में मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया. साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कानून वापस लेने की मांग उठाई. इस दौरान उन्होंने आगामी 8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित सभा में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया.

सरकार को वापस लेना होगा कानून: दरअसल, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और डासना पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरी समेत सैकड़ों लोगों ने हाथों में मशाल लेकर खन्ना नगर से लेकर ऋषिकुल मैदान तक जुलूस निकाला. साथ ही नारेबाजी कर यूजीसी के नए नियमों का विरोध किया. इस दौरान यति नरसिंहानंद गिरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां हिंदू समाज को बांटने वाली हैं.

उन्होंने कहा कि यूजीसी से संबंधित नया कानून सवर्ण समाज के हितों के विरुद्ध है और इससे सामाजिक विभाजन की स्थिति उत्पन्न होगी. हिंदू समाज को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए. आगामी आठ मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में महा आंदोलन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में साधु संत और सवर्ण समाज के लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि सरकार को यह काला कानून वापस लेना ही होगा.

यूजीसी के नए नियमों को नहीं किया जाएगा स्वीकार: वहीं, श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया गया नया कानून सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य के लिए घातक है. यूजीसी के इन नए नियमों को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial