जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारियों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 19 जनवरी को होगी. इसके बाद 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।

19 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. इसके तुरंत बाद शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, ताकि सभी दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित की जा सके. इसके बाद शाम 5 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है. इसी दिन शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी की ओर से प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा, जिसमें चुनाव प्रक्रिया की स्थिति और आगे की कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी.
माना जा रहा है कि 20 जनवरी को नितिन नबीन की ही बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और हाल ही में उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि अब वे 20 जनवरी 2026 को पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं।










