उत्तराखंड में इन दिनों अंकिता भंडारी हत्याकांड चर्चाओं में हैं. अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में फिर से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. विपक्षी राजनीति दलों के साथ-साथ प्रदेश की जनता भी अंकिता भंडारी के लिए सड़कों पर उतरी हुई हैं. यहीं कारण है कि अब इस मामले में सरकार पर दबाव बनाने के लिए कुछ संगठनों ने 11 जनवरी को उत्तराखंड बंद का ऐलान किया गया है. अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी ने खुद प्रदेश की जनता से उत्तराखंड बंद की अपील की है.
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि अंकिता सिर्फ उनकी बेटी नहीं थी, बल्कि पूरे भारत वर्ष की बेटी थी, उसी को न्याय दिलाने के लिए 11 जनवरी को उत्तराखंड बंद का आह्वान किया गया है. वीरेंद्र भंडारी ने पिता ने लोगों से खासकर व्यापारी वर्ग से अपील की है कि 11 जनवरी के उत्तराखंड बंद में उनका सहयोग किया जाए.
उर्मिला सनावर के वीडियो के लेकर भी वीरेंद्र भंडारी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक उनकी उर्मिला सनावर से कोई बात नहीं हुई है, लेकिन वो चाहते है कि उर्मिला सनावर के बयानों के आधार पर इस मामले की जांच और कार्रवाई हो. वीरेंद्र भंडारी ने सीबीआई जांच की मांग भी की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता.










