दिल्ली- तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध निर्माण हटाने के लिए एमसीडी ने बुधवार सुबह बुलडोजर कार्रवाई की. मौके पर 17 से ज्यादा बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया. इससे पहले कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया . देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया. इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया. स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया. पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

देर रात नगर निगम के 17 बुलडोजर पहुंचे तो वहां के स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. मौके पर तैनात पुलिसबल ने आंसू गैस गोले छोड़े और लोगों को खदेड़ा. पुलिस ने आसपास के एरिया के रास्ते बंद कर दिया था.
एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक मस्जिद से सटे दवाखाने और बारात घर को अवैध घोषित किया गया था. रामलीला मैदान क्षेत्र में हुए सर्वे के बाद इन निर्माणों को हटाने का फैसला लिया गया था. प्रशासन ने पहले ही लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया था.
रामलीला मैदान के फैज इलाही मस्जिद के पास अवैध कब्जे को हटाने के लिए दिल्ली के 9 जिले के डीसीपी रैंक के अफसरों को लगाया गया था.17 से ज्यादा जेसीबी मशीनों को डेमोलेशन में लगाया गया था. 70 से ज्यादा डंपरों को मलबा हटाने में लगया गया. इस दौरान करीब 150 से ज्यादा एमसीडी कर्मचारी तैनात रहे. तुर्कमान गेट की तरफ़ बैरिकेडिंग के खिलाफ़ लोग नारेबाजी कर रहे थे और बैरकिंग को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे. जिसके बाद पुलिस ने हल्का पुलिसबल का उपयोग कर उपद्रव कर रहे लोगो को दूर किया.
दिल्ली नगर निगम के DC विवेक अग्रवाल ने बताया, “कोर्ट के आदेश के तहत हमने ये कार्रवाई की है. यह कार्रवाई हमने रात के समय ही शुरू की थी… हमने इस कार्य में 32 JCB लगाए हैं… जो अतिक्रमण वेस्ट रह गया है जिसे जल्द ही उठा लिया जाएगा…रात को हुए पथराव की घटना में किसी को चोट नहीं आई है पुलिस ने बहुत अच्छा काम किया है और तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया.”










