केरल: केरल के त्रिशूर में रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लग गई. आग लगने से करीब 500 दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए.
हालांकि आग लगने का स्पष्ट कारण नहीं पता चल सका है, लेकिन एक इलेक्ट्रिक लाइन से निकली चिंगारी के एक टू व्हीलर पर गिर जाने की आग लगने की बात कही जा रही है.
पार्किंग स्थल में करीब 500 दोपहिया वाहनों के खड़े होने का अनुमान है. हादसे में अधिकांश वाहन जलकर नष्ट हो गए. दमकल की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
इसके अलावा आग के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक फैलने से रोकने को लेकर जरूरी कदम उठाए गए. अधिकारियों के मुताबिक जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके पास रेलवे लाइन पर एक इंजन खड़ा था लेकिन रेलवे ने इंजन को किसी तरह के नुकसान होने की पुष्टि नहीं की है.
आग लगने से दोपहिया वाहनों के अलावा टिन की चादरों से ढके पूरे शेड को भी भारी नुकसान पहुंचा है. दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग लगने की वजह पता करने के लिए पुलिस और रेलवे अफसरों ने जांच शुरू कर दी है.










