कोटद्वार में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जबरदस्त विरोध, कांग्रेस ने घेराव कर दिखाए काले झंडे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पौड़ी: अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं. विभिन्न स्थानों पर हो रहे इन आंदोलनों के माध्यम से प्रदर्शनकारी सरकार को घेरते हुए मामले में शामिल कथित वीआईपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इसी सिलसिले में कोटद्वार पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भाजपा के एक पूर्व विधायक की धर्मपत्नी द्वारा जारी ऑडियो और सोशल मीडिया पर अंकिता प्रकरण को लेकर की गई टिप्पणियों में प्रदेश अध्यक्ष का भी नाम लिया गया है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन आरोपों के बावजूद प्रदेश की भाजपा सरकार अपने अध्यक्ष को बचाने के लिए मामले को भटकाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने निष्पक्ष जांच और मामले में संलिप्त सभी जिम्मेदारों पर त्वरित कार्रवाई की मांग दोहराई.

शनिवार को जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कोटद्वार पहुंचे, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका काले झंडे दिखाकर जोरदार विरोध किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महेंद्र भट्ट की गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया.

इस दौरान युवा कांग्रेस नेता अमित राज सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी पहाड़ की बेटी थी और इस जघन्य हत्याकांड में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आना बेहद गंभीर विषय है. उन्होंने कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कोटद्वार आगमन पर हमने शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया, काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ियों को रोका. प्रदेश सरकार लगातार इस मामले में सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रही है. हम तब तक आंदोलन जारी रखेंगे, जब तक पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं होती.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial