पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली करारी शिकस्त के बाद तेजस्वी यादव एक्टिव हो गए हैं. सोमवार को उन्होंने अपने सरकारी आवास पर सभी विधायकों के साथ समीक्षा बैठक की. इस बैठक में उन उम्मीदवारों को भी बुलाया गया है, जो चुनाव हारे हैं.
तेजस्वी यादव की मौजूदगी में तमाम 25 विधायक और अन्य हारे हुए प्रत्याशियों के साथ आरजेडी की समीक्षा बैठक चल रही है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के अलावे पार्टी के उच्च पदाधिकारी भी इस बैठक में मौजूद हैं.
वहीं बैठक में शामिल होने जा रहे आरजेडी के विधायकों ने कहा कि यह महिलाओं को 10000 रुपये देकर वोट लिए गए हैं. कुछ विधायकों ने कहा कि सरकारी कर्मचारी और अफसरों ने मिलकर एनडीए को जिताया है. वहीं, कुछ विधायक यह कहते हुए नजर आए कि जीविका दीदियों ने महिलाओं को एनडीए की तरफ वोट देने के लिए प्रेरित किया और उसी का परिणाम है कि एनडीए की यह सबसे बड़ी जीत हुई है.
बिहार चुनाव में आरजेडी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. महज 25 सीटों पर जीत मिली है. कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है. 2010 के बाद यह पार्टी का सबसे खराब प्रदर्शन है. मुश्किल से नेता प्रतिपक्ष का पद बच पाया है.









