बिहार- दुलारचंद हत्याकांड में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अनंत सिंह, जेल से लड़ेंगे चुनाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना : दुलारचंद हत्याकांड में मुख्य आरोपी अनंत सिंह समेत तीन आरोपियों की पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इससे पहले बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने शनिवार को दुलारचंद यादव हत्या मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि यह घटना 30 अक्टूबर को हुई थी, जिसे पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया. डीजीपी ने कहा कि उस दिन दो उम्मीदवारों के समर्थक विपरीत दिशा से जा रहे थे, इसी दौरान आपसी बहस हुई और उसके बाद पत्थरबाजी की घटना घटी. इसी बीच दुलारचंद यादव की मौत हो गई.

अनंत सिंह समेत तीन गए बेऊर जेल : मोकामा में 30 अक्टूबर को हुए दुलारचंद यादव हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने शनिवार देर रात पूर्व विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था. उनके साथ दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम उर्फ ‘दिमागी’ को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. रविवार को तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया, जहां एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

गौरतलब है कि मोकामा में 30 अक्टूबर को दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प और पत्थरबाजी की घटना हुई थी. इस दौरान दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी. शुरुआत में गोली लगने की बात कही जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि दुलारचंद की मौत गोली से नहीं, बल्कि सीने के ऊपरी हिस्से में दबाव के कारण हुई थी.

डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्परता से जांच शुरू की. शुरुआत में यह माना जा रहा था कि पोस्टमार्टम पीएमसीएच में कराया जाएगा, लेकिन परिजनों के आग्रह पर बाढ़ अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराया गया. उन्होंने बताया कि पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई और पीड़ित पक्ष की ओर से भी स्वतंत्र वीडियो रिकॉर्डिंग की गई.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial