देहरादून: 3 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देहरादून आ रही हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण शहर के निर्धारित मार्गों को जीरो जोन घोषित किया है. साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर शहरी क्षेत्र में आने वाले 20 स्कूलों के लिए एक दिन की छुट्टी का आदेश जारी किया है.
देहरादून जिला प्रशासन ने इन मार्गों पर पड़ने वाले स्कूलों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है. देहरादून के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा ने यह आदेश जारी किया है. उन्होंने बताया ग्रेस अकैडमी कैंट रोड, केंद्रीय विद्यालय हाथी बड़कला कैंट रोड, स्कॉलर होम राजपुर रोड, डीपीएस राजपुर रोड, ब्रुकलिन व ब्राइटलैंड स्कूल कर्जन रोड, हिल ग्रेस ,मार्शल स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल लक्ष्मी रोड, शेरवुड स्कूल नेहरू कॉलोनी तिराहे में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. इसके अलावा समर वैली स्कूल तेग बहादुर रोड, एमकेपी रोड पर स्थित हेरिटेज, कॉन्वेंट स्कूल राजपुर रोड पर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल, विवेकानंद स्कूल जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी में मानव भारती स्कूल, करनपुर चौक के पास एसजीआरआर स्कूल, राजपुर रोड में जसवंत मॉडल स्कूल, प्लाईवुड पब्लिक स्कूल और डीएवी पब्लिक स्कूल डिफेंस कॉलोनी में एक दिन का अवकाश रहेगा.
उन्होंने बताया जिले के अन्य विद्यालय पूर्व की तरह संचालित रहेंगे. अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के लेकर ये निर्णय लिया गया है.
इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में यातायात प्लान किया गया है और यह यातायात प्लान 2 नवंबर और 3 नवंबर तक रहेगा. साथ ही 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से रात 9 तक भारी वाहनों के लिए नो-एन्ट्री प्लान भी तैयार किया गया है.










