पटना: दुलारचंद यादव हत्याकांड में देर रात पटना पुलिस ने अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि, ”अब मोकामा की जनता चुनाव लड़ेगी.” शनिवार की रात पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा पूर्व विधायक को गिरफ्तार करने टीम के साथ मोकामा पहुंचे थे. जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी का वीडियो भी अनंत सिंह ने अपने पोस्ट में शेयर किया है.
गिरफ्तारी के बाद क्या बोले अनंत सिंह?: दुलारचंद यादव मर्डर केस में गिरफ्तारी के बाद बाद मोकामा से जेडीयू सांसद अनंत सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ”सत्यमेव जयते !! मुझे मोकामा के जनता पर पूर्ण भरोसा है !! इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी ! अनंतसिंह.”
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि इस हत्याकांड में मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह समेत उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए वीडियो फुटेज जैसे साक्ष्यों के आधार पर की गई है.
वहीं अनंत सिंह के समर्थक ने कहा कि अनंत सिंह ने कानून का सम्मान करते हुए ये गिरफ्तारी दी है और उनका कहना है की वो पूरी तरह बेगुनाह है.और जहां तक चुनाव की बात है तो मोकामा की जनता चुनाव लड़ती है. हमेशा से विधायक जी के साथ मोकामा की जनता ने न्याय किया है और इस बार भी करेगी.
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह तो होना ही था यह स्पष्ट था. जिस प्रकार से घटना का अंजाम दिया गया यह तो होना ही था. आज प्रधानमंत्री जी आ रहे हैं आज ही आरा में और रोहतास में पिता पुत्र की हत्या कर दी गई. लगातार बिहार में महा जंगल राज की स्थिति बन रही है कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन बिहार में गोलियां ना चल रही हो. यह सब प्रधानमंत्री जी को नहीं दिख रहा है.










