बिहार चुनाव- तेजस्वी यादव के साथ रैली में गरजे राहुल गांधी, ‘भाजपा के हाथ में नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल’,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की है. मुजफ्फरपुर में उन्होंने आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करते हुए कहा कि बिहार में 20 साल से नीतीश कुमार सरकार चला रहे हैं लेकिन आज भी ये प्रदेश सबसे पिछड़ा है. ऐसे में नई सोच वाली सरकार की जरूरत है.

‘बीजेपी के हाथ में नीतीश का रिमोट कंट्रोल’: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल असल में भारतीय जनता पार्टी के हाथ में है. बीजेपी जैसा चाहती है, बिहार के मुख्यमंत्री वैसा ही करते हैं लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा.

“20 साल से बिहार में नीतीश सरकार चल रही है. बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए इन्होंने पिछले 20 साल में क्या किया? क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहां आपको कुछ ना मिले? नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है. बीजेपी का सामाजिक न्याय से कोई लेना-देना नहीं है.”

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में 20 साल से सरकार चलाने वाले नीतीश कुमार खुद को अतिपिछड़ा कहते हैं, लेकिन उन्होंने 20 साल में यहां शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए कुछ नहीं किया. कांग्रेस नेता ने भीड़ से पूछा कि क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहां अडानी को 1-2 रुपए में जमीन दे दी जाए और युवाओं को रोजगार न मिले? उन्होंने कहा कि ऐसा बिहार हमें नहीं चाहिए.

बदहाली के लिए एनडीए सरकार जिम्मेदार: राहुल गांधी ने कहा कि मैं देश के हर जिले में गया हूं. जहां भी मैं जाता हूं, वहां बिहार के युवा मुझे मिलते हैं. मैं आपसे सवाल पूछना चाहता हूं आपने दिल्ली बनाई, बेंगलुरु की सड़कें बनाई, गुजरात में आपने काम किया खून पसीना दिया. मुंबई को आपने मदद दी. दुबई आपकी मेहनत से बना है. आप अलग-अलग प्रदेशों की मदद कर सकते हो, शहरों को बना सकते हो तो फिर बिहार में आप ये काम क्यों नहीं कर पा रहे हैं?

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ‘मुझे बताइए आपके फोन के पीछे क्या लिखा है. मेड इन चाइना. नरेंद्र मोदी जी ने नोटबंदी और GST लागू करके सभी छोटे व्यवसायों को नष्ट कर दिया है. जहां भी देखो, मेड इन चाइना है. हम कहते हैं कि यह मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार होना चाहिए. मोबाइल, शर्ट, पैंट, ये सब बिहार में बनने चाहिए और बिहार के युवाओं को उन कारखानों में रोजगार मिलना चाहिए. हमें ऐसा बिहार चाहिए.’
वहीं आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने ‘डबल इंजन की सरकार’ पर हमला करते हुए कहा कि 20 सालों से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और 11 सालों से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, इसके बावजूद बिहार पिछड़ा और गरीब राज्य है. उन्होंने पूछा कि राज्य की बदहाली के लिए कौन जिम्मेदार है?
“20 साल से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं. 11 साल से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं. सकरा को कुछ कारखाना मिला है क्या? कोई अच्छा अस्पताल मिला होगा? कोई विश्वविद्यालय मिला होगा? लोगों को नौकरी रोजगार मिला होगा? केवल घूसखोरी बढ़ी है की नहीं? जो 20 साल में नहीं दिए वे अगले 5 साल में कहां से देंगे?”
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial