खटीमा: हर वर्ष की भांति खटीमा के संजय रेलवे पार्क स्थित छठ घाट पर पूर्वांचल समाज द्वारा हर्षोल्लास पूर्वक छठ महापर्व मनाया गया. सोमवार को शाम के समय खटीमा नगर स्थित छठ घाट पर सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज की व्रती महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में फल पकवान एवं पूजा सामग्री के साथ पहुंच सूर्य भगवान व छठ मैया की उपासना कर डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. साथ ही सूर्य भगवान से परिवार की सुख समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना की. उसके बाद मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन हुआ.
पूर्वांचल समाज ने धूमधाम से मनाया छठ महापर्व: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संजय रेलवे पार्क पहुंच सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया. साथ ही सभी पूर्वांचल समाज की महिलाओं सहित अन्य सभी वर्गों के लोगों को लोक महापर्व छठ की शुभकामनाएं दी. सीएम धामी ने भगवान सूर्य एवं छठ मैया से इस लोक पर्व में सभी की सुख समृद्धि की कामना की.
छठ महापर्व सामाजिक समरसता का लोक महापर्व है. धार्मिक आस्था प्रकृति पर आधारित इस पर्व पर महिलाएं बहनें निर्जला व्रत रख इस पर्व को धार्मिक मान्यताओं के हिसाब से मनाती हैं. सर्व समाज की प्रदेश भर में छठ महापर्व में सहभागिता रहती है. हम भगवान सूर्य एवं छठ मैया से सभी को सुख वैभव के साथ अपना आशीर्वाद देने की कामना करते हैं.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड










