नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार तड़के दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए. पुलिस के अनुसार, मारे गए चारों बदमाश बिहार के कुख्यात ‘सिग्मा गैंग’ से जुड़े थे और बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बड़े पैमाने पर आतंक फैलाने की फिराक में थे.
यह संयुक्त ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया. टीम को रोहिणी में बदमाशों के छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी. पुलिस ने जैसे ही इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में चार बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मारे गए बदमाशों में गैंग का सरगना रंजन पाठक (25) भी शामिल है. यह गिरोह हत्या, रंगदारी और लूटपाट जैसे कई गंभीर अपराधों में वांछित था. इसके अलावे बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के तौर पर पहचान हुई है.
इस संयुक्त कार्रवाई के बाद, दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करने का दावा किया है. पुलिस ने घटनास्थल से कई अवैध हथियार, जिनमें जिगाना पिस्टल भी शामिल है, और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एनकाउंटर लगभग 15 मिनट तक चला और बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है.










