नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्र संघ चुनाव 2025-26 की तैयारियां तेज हो गई हैं. विश्वविद्यालय की चुनाव समिति ने छात्र संघ चुनाव का टेंटेटिव कार्यक्रम जारी कर दिया है. 4 नवंबर 2025 को मतदान जबकि 6 नवंबर को परिणाम की घोषणा की जाएगी.
चुनाव समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में कोई भी संशोधन या नया नाम जोड़ने की प्रक्रिया नामांकन से पहले पूरी करनी होगी ताकि उम्मीदवारों की पहचान में किसी प्रकार की दिक्कत न हो.
इलेक्शन कमेटी के चेयरपर्सन रविकांत द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 24 अक्टूबर को अस्थायी मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जाएगा और उसी दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उसमें सुधार की प्रक्रिया शुरू होगी. 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्र जारी किए जाएंगे. नामांकन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. इसके बाद 28 अक्टूबर को मान्य नामांकनों की सूची सुबह 10 बजे जारी की जाएगी और दोपहर 2 से 5 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे. इसी दिन शाम 7 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी. उसी रात 8 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस और उम्मीदवारों के साथ मीडिया ब्रीफिंग होगी. 29 से 31 अक्टूबर तक स्कूल स्तर पर जनरल बॉडी मीटिंग्स (GBMs) होगी.
नवंबर को शाम 6 बजे विश्वविद्यालय स्तर पर सामान्य निकाय बैठक (University General Body Meeting) होगी, जबकि 2 नवंबर की रात 8 बजे अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के बीच डिबेट आयोजित होगी. 3 नवंबर को ‘नो कैंपेन डे’ घोषित किया गया है, जिसके दौरान किसी भी प्रकार का प्रचार नहीं किया जा सकेगा.
मतदान 4 नवंबर को पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक होगा. उसी दिन रात 9 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. चुनाव परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.










