नई दिल्ली: देश भर में प्रकाश पर्व दीपावली की रौनक देखने को मिली रही है. इस अवसर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी अलग अंदाज में दीपावली का जश्न मनाया. कांग्रेस सांसद राहुल सोमवार को पुरानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाई की दुकान पर पहुंचे औ दीपावली का जश्न मनाया. इस दौरान उन्होंने इमरती और बेसन के लड्डू बनाने की कोशिश की. बाद में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव साझा किया.
उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, “मैंने पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाइयों की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया. सदियों पुरानी इस प्रतिष्ठित दुकान की मिठास आज भी वैसी ही है – खालिस, पारंपरिक और दिल को छू लेने वाली.
उन्होंने आगे लिखा, दीपावली की असली मिठास सिर्फ थाली में नहीं, बल्कि रिश्तों और समाज में भी होती है. आप सब बताएं, आप अपनी दिवाली कैसे मना रहे हैं, और उसे कैसे खास बना रहे हैं?”
एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं और प्रकाश के इस पर्व पर सुख, समृद्धि और प्रेम की कामना की. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “सभी देशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. खुशियों के दीपों से भारत रोशन हो उठे, हर आंगन में सुख, समृद्धि और मोहब्बत का उजाला फैले.”










