नई दिल्ली: श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की. इस बातचीत को लेकर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत में मछुआरों के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे पर भी चर्चा हुई. उन्होंने इसे चल रही और संवेदनशील बातचीत बताया और दोनों पक्षों की आजीविका की रक्षा की आवश्यकता पर बल दिया.
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद अमरसूर्या ने कहा, “यह एक चल रहा मुद्दा है और इस पर चर्चा की जानी चाहिए. हमें अपने मछुआरों की आजीविका की भी रक्षा करनी है, लेकिन हम समझते हैं कि यह एक संवेदनशील मुद्दा है और हम इस पर बातचीत जारी रखेंगे.”
आपसी सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा
अमरसूर्या ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री के साथ उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही और इसमें आपसी सहयोग के कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा, “हमने इस बात पर चर्चा की कि हम अपने बीच स्थापित संबंधों को कैसे बनाए रख सकते हैं. उन्होंने मुझसे मेरी भारत यात्रा और मैंने जो किया है, उसके बारे में पूछा और हम आज शाम फिर मिलेंगे.”
भारत के सहयोग पर प्रकाश डाला
श्रीलंका के शिक्षा क्षेत्र में भारत के सहयोग पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “हमारे बीच पहले से ही कई सहयोग चल रहे हैं. शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भारत से समर्थन मिला है. हालांकि, हमने और अधिक संस्थागत सहयोग बनाने की संभावना पर भी चर्चा की और प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे यहां चल रहे शिक्षा सुधारों के बारे में कई सुझाव दिए. इस दौरान हमने अपनी-अपनी नीतियों पर भी चर्चा की.”
पीएम मोदी ने जताई खुशी
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें अमरसूर्या का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि अमरसूर्या के साथ कई क्षेत्रों को लेकर बातचीत हुई. माइक्रो ब्लोगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है. हमारी चर्चाओं में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, इनोवेशन, विकास सहयोग और हमारे मछुआरों के कल्याण सहित कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई. पड़ोसी होने के नाते हमारा सहयोग दोनों देशों के लोगों की समृद्धि के साथ-साथ साझा क्षेत्र के लिए भी अत्यधिक महत्व रखता है.”










